पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विभिन्न जनपदों से जिला मुख्यालय पहुंचे शिक्षकों और सभी विभागों के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने शुक्रवार को कमिश्नरी का घेराव किया। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी बस स्टेशन पर एकत्र हुए और ढोल-दमाऊं की थाप के साथ माल रोड, एजेंसी चौक, कंडोलिया रोड होते हुए गढ़वाल मंडलायुक्त कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान कर्मचारियों ने अंशदायी पेंशन योजना का बहिष्कार करते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों को अल्पकालिक कार्यकाल पर भी पेंशन मिल सकती है, तो जीवनभर सेवा देने वाले कर्मचारियों को इससे वंचित क्यों रखा जा रहा है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा। इस मौके पर रनीता विश्वकर्मा, मनोज अवस्थी, विक्रम रावत, सीताराम पोखरियाल, शंकर भट्ट सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे।

