June 7, 2026
BEL में जीबीपीआईईटी के 16 विद्यार्थियों को 13 लाख रुपये का पैकेज मिला

BEL में जीबीपीआईईटी के 16 विद्यार्थियों को 13 लाख रुपये का पैकेज मिला

गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत प्रतिष्ठित नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), गाजियाबाद में चयन प्राप्त किया है। BEL द्वारा आयोजित कैंपस चयन प्रक्रिया में संस्थान के 16 विद्यार्थियों का चयन ₹13 लाख वार्षिक पैकेज पर किया गया है। BEL द्वारा संस्थान में पूर्व वर्षों में भी भर्ती की जाती रही है, किंतु इस वर्ष चयनित विद्यार्थियों की संख्या उल्लेखनीय रूप से अधिक रही, जो संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता को दर्शाती है। चयनित विद्यार्थियों में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग से जय कुमार, अमन कुमार, साक्षी जोशी, नेहा मेलकानी एवं अक्षिता नौटियाल तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग से आयुषी कुलाशी, विकास पंवार, हर्षित खर्कवाल, आयुषी सैनी, दिव्यांशी नैथानी, संदीली कपिल, ललित कुमार, कल्पना रानी, मयंक मधुकर, जियांशी एवं अंकिता प्रसाद शामिल हैं।भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड देश की अग्रणी रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी है, जो भारतीय सशस्त्र बलों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित अत्याधुनिक तकनीकी प्रणालियों के विकास एवं निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसी प्रतिष्ठित संस्था में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का चयन संस्थान के लिए गौरव का विषय है। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वी. के. बंगा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन तथा संस्थान में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जीबीपीआईईटी के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और यह सफलता संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा को प्रदर्शित करती है। संस्थान के Dean Training & Placement, डॉ. के. एस. भाटिया ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि विद्यार्थियों के लिए उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, प्री-प्लेसमेंट सॉफ्ट स्किल कार्यक्रम, मॉक इंटरव्यू एवं तकनीकी दक्षता विकास गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि Dean Training & Placement का अतिरिक्त दायित्व ग्रहण करने के उपरांत लगभग 150 अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन हो चुका है, जो संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। BEL में रिकॉर्ड संख्या में चयन इसी दिशा में प्राप्त एक बड़ी सफलता है। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. एम. के. अग्रवाल एवं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. भूमिका गुप्ता ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विभागों में संचालित गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन का परिणाम है।विभागीय प्लेसमेंट गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संकाय सदस्यों श्री अश्वनी सैनी, श्रीमती मीनाक्षी कठायत, डॉ. गरिमा सिंह एवं डॉ. संदीप कुमार, डॉ पुष्कर प्रवीन के प्रयासों की भी सराहना की गई। इनके सतत मार्गदर्शन एवं समन्वय ने विद्यार्थियों को चयन प्रक्रिया के लिए बेहतर रूप से तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

संस्थान परिवार ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम एवं समर्पण का परिणाम बताते हुए चयनित सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *